अमड़ापाड़ा। शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गापूजा उत्सव को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर प्रखंड प्रशासन सक्रिय हो गया है। आगामी 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले पूजा महोत्सव की तैयारियों और विधि-व्यवस्था को लेकर गुरुवार को थाना परिसर में शांति समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता बीडीओ प्रमोद कुमार गुप्ता ने की। इस दौरान सीओ औसाफ अहमद खां और पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक में दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन की ओर से की जाने वाली तैयारियों की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने पूजा समितियों और आम लोगों से दुर्गापूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही पूजा के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने और किसी भी परिस्थिति में शांति व्यवस्था प्रभावित नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशासन ने पूजा समितियों और स्थानीय लोगों से जिम्मेदारी के साथ पर्व मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सभी के सहयोग से दुर्गापूजा का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाएगा।





