पाकुड़ : जिला मुख्यालय के शहरकोल स्थित विश्व हिंदू परिषद कार्यालय में परिषद की जिला बैठक जिला अध्यक्ष अशोक वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में परिषद के विभिन्न आयामों के प्रमुख दायित्ववान कार्यकर्ताओं के साथ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक की शुरुआत संगठन द्वारा संचालित सेवा कार्यों एवं विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा के साथ हुई। इस दौरान साहिबगंज विभाग मंत्री अशोक वर्मा ने प्रांत द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि विश्व हिंदू परिषद “धर्मो रक्षति रक्षितः” के मूल मंत्र पर कार्य करती है। उन्होंने कहा कि परिषद के कार्यकर्ता संगठन को सशक्त बनाने के साथ-साथ समाज सेवा के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रांत स्तर पर आगामी दिनों के लिए कई कार्ययोजनाएं निर्धारित की गई हैं। इनमें जून माह के अंतिम रविवार तक जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंड समिति की बैठक पूर्ण करना तथा संगठन को पंचायत स्तर तक विस्तार देने के लिए पंचायत समितियों का गठन प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि पंचायत समितियों के गठन के बाद उसकी सूची जिला इकाई को उपलब्ध कराई जाएगी तथा साप्ताहिक मिलन केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की गई। बताया गया कि 17 एवं 18 जुलाई को लोहरदगा में प्रांत बैठक आयोजित होगी, जिसमें अपेक्षित कार्यकर्ता भाग लेंगे। इसके अलावा 14 अगस्त को अखंड भारत दिवस मनाया जाएगा। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस के तहत जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
जिला मंत्री अरविंद घोष ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए पंचायत समितियों का गठन शीघ्र पूरा करने का आह्वान किया। वहीं प्रांत गौ रक्षा प्रमुख संदीप मंडल ने बताया कि अगस्त माह में बूढ़ा अमरनाथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं से उन्होंने अपनी कार्ययोजना शीघ्र जिला इकाई को उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
बैठक में धर्म प्रसार विषय पर भी विस्तृत चर्चा की गई तथा धर्म प्रसार समिति का गठन जल्द करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में जिला संरक्षक श्याम चंद्र यादव, विभाग संपर्क प्रमुख उदय कुमार सिंह, विभाग संगठन मंत्री देवीलाल मुर्मू, जिला सह मंत्री विशाल भगत, मुकेश भगत, साधन कुमार मुखर्जी, शंकर कुमार ओझा, विजय कुमार जायसवाल, विनय कुमार भगत, राजेश कुमार, प्रवीण कुमार, आकाश भगत समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।


