पाकुड़िया प्रखंड क्षेत्र के मोहलपहाड़ी पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोहलपहाड़ी में बुधवार को विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। नव भारत जागृति केंद्र एवं एसबीआई फाउंडेशन, मुंबई के संयुक्त सहयोग से आयोजित शिविर में विद्यालय के बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई और जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय दास ने कुल 141 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान एलएफटी, सीबीसी, केएफटी, एलआईपीडी और शुगर समेत विभिन्न आवश्यक जांच की गई। वहीं 90 बच्चों के हीमोग्लोबिन और 110 बच्चों के ब्लड ग्रुप की जांच की गई। बच्चों का ब्लड प्रेशर और वजन भी मापा गया।
जांच के दौरान जिन बच्चों को चिकित्सकीय उपचार की जरूरत पाई गई, उन्हें आवश्यकता के अनुसार नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकीय टीम ने बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति के आधार पर आवश्यक परामर्श दिया और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। शिविर का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित जांच, संभावित बीमारियों की समय पर पहचान और जरूरत पड़ने पर उपचार उपलब्ध कराना था। स्वास्थ्य जांच के जरिए बच्चों की सेहत पर नजर रखने और समय रहते चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की पहल की गई।
शिविर में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय दास, कोऑर्डिनेटर राजीव रंजन, टीम मैनेजर राजकुमार घोष, लैब टेक्नीशियन छोटू कुमार भंडारी, फार्मासिस्ट खालिदा बेगम, नर्स पिंकी कुमारी, मोबाइल मेडिकल वाहन चालक सुबोध कुमार मंडल, उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोहलपहाड़ी के प्रधानाचार्य राहुल मरांडी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




