
डायरिया (दस्त) की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पाकुड़िया में 15 जुलाई से 30 जुलाई तक विशेष डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा शुरू किया गया है। अभियान का उद्देश्य लोगों को डायरिया के प्रति जागरूक करना, समय पर उपचार उपलब्ध कराना तथा बच्चों और वयस्कों को इस बीमारी से सुरक्षित रखना है।
अभियान का शुभारंभ चिकित्सा प्रभारी डॉ. भारत भूषण भगत की अध्यक्षता में किया गया। उन्होंने बताया कि पूरे पखवाड़े के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही डायरिया से पीड़ित मरीजों को निःशुल्क ORS घोल और जिंक टैबलेट उपलब्ध कराई जाएगी। अभियान के सफल संचालन के लिए डॉ. मंजर आलम, डॉ. अभय सराफ और डॉ. वसीम राजा की विशेष चिकित्सकीय टीम तैनात की गई है।
यह अभियान केवल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक सीमित नहीं है। पाकुड़िया प्रखंड के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी विशेष शिविर लगाए गए हैं, जहां मरीजों को मुफ्त ORS और जिंक टैबलेट वितरित की जा रही है। इसके साथ ही लोगों को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, हाथ धोने की आदत और डायरिया से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।
डॉ. भारत भूषण भगत ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति, विशेषकर बच्चे को दिनभर में तीन या उससे अधिक बार पतला दस्त हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या आयुष्मान आरोग्य मंदिर जाकर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार, पर्याप्त ORS का सेवन और जिंक टैबलेट के उपयोग से डायरिया की गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।


