पाकुड़िया: प्रखंड के फुलझिंग्झरी में शनिवार, 5 सितंबर को व्याहुत कलवार समिति के तत्वावधान में भगवान बलभद्र जयंती समारोह धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। धार्मिक अनुष्ठान में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ समस्त भगत परिवार ने सपरिवार हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे कलश स्थापना के साथ हुई। इसके बाद पुरोहित अरुण भगत और पंडित विनय मिश्रा के सानिध्य में विधि-विधान से भगवान बलभद्र की पूजा-अर्चना और आराधना संपन्न कराई गई। दोपहर 1 बजे से महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
शाम 6 बजे भगवान बलभद्र की महाआरती की गई। आरती के बाद गाजे-बाजे और पारंपरिक धुनों के बीच भगवान बलभद्र की प्रतिमा को वाहन पर स्थापित कर विसर्जन यात्रा निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालु और युवा डीजे की भक्तिमय धुनों पर झूमते-नाचते नजर आए। विसर्जन यात्रा पूरे नगर का भ्रमण करते हुए फुलझिंग्झरी स्थित माझिया पोखर पहुंची, जहां श्रद्धा और धार्मिक विधि के साथ भगवान बलभद्र की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वनाथ भगत उपस्थित रहे। समारोह को सफल बनाने में अरविंद भगत, संजीव भगत, अशोक भगत, टिंकू भगत, गुड्डू भगत, संतोष भगत, सुबोध भगत, अमित भगत, डब्लू भगत, सूरज भगत, प्रकाश भगत, संदीप भगत, चंदन भगत, मेघनाथ भगत, मोहित भगत, राहुल भगत, आशुतोष भगत, विनोद भगत, मनोज भगत, सुनील भगत, अभय भगत, अमरजीत भगत, अमन भगत सहित व्याहुत कलवार समिति के सभी सदस्यों और समस्त भगत परिवार की सक्रिय भागीदारी रही।




