पाकुड़: जिले के डीएवी स्कूल के छात्र आदित्य नारायण ठाकुर ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में 584 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 16240 हासिल की है। इस शानदार सफलता के साथ आदित्य ने न केवल अपने परिवार और विद्यालय, बल्कि पूरे पाकुड़ जिले का नाम भी रोशन किया है।
आदित्य नारायण ठाकुर बलिहारपुर के निवासी हैं। उनके पिता संतोष ठाकुर पाकुड़ रेलवे में ओएस (ऑफिस सुपरिंटेंडेंट) के पद पर कार्यरत हैं। आदित्य की इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
इस सफलता पर डीएवी स्कूल के प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती सहित सभी शिक्षकों ने आदित्य को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा हैं।
गौरतलब है कि आदित्य ने वर्ष 2023 में डीएवी पब्लिक स्कूल, गोकुलपुर से कक्षा 10 की परीक्षा प्रथम स्थान के साथ उत्तीर्ण की थी। अब NEET में 584 अंक और AIR 16240 हासिल कर उन्होंने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, नियमित मेहनत और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।




