पाकुड़। समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित जन समाधान दिवस में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत और जनहित से जुड़ी समस्याएं उपायुक्त मेघा भारद्वाज के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने लोगों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जन समाधान दिवस के दौरान नागरिकों ने खेती करने से रोकने, पैतृक संपत्ति को ऑनलाइन दर्ज कराने, आंगनबाड़ी केंद्र गदरपाड़ा पश्चिम में सेविका पद पर चयन, इलाज के लिए आर्थिक सहायता, तालाब जीर्णोद्धार समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन सौंपे। उपायुक्त ने सभी मामलों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन की निष्पक्ष, तथ्यपरक और गुणवत्तापूर्ण जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
उपायुक्त ने कहा कि जन समाधान दिवस प्रशासन और आमजन के बीच संवाद, विश्वास और जवाबदेही को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए नागरिक अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखते हैं, जिससे मामलों के निष्पादन में पारदर्शिता और गति लाने में मदद मिलती है। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।




