कटिहार। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने माल ढुलाई के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए अगस्त 2026 में कुल 0.957 मिलियन टन (एमटी) माल की लोडिंग की है। यह अगस्त 2025 में दर्ज 0.916 एमटी की तुलना में 4.5 प्रतिशत अधिक है। रेलवे के अनुसार, अप्रैल से अगस्त 2026 के दौरान कुल माल लोडिंग 5.09 एमटी तक पहुंच गई, जो पिछले साल की इसी अवधि में दर्ज 4.78 एमटी के मुकाबले 6.5 प्रतिशत की वृद्धि है।
अगस्त 2026 में सीमेंट की लोडिंग में सबसे उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान सीमेंट लोडिंग 0.13 एमटी रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 106.6 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा फल, सब्जियां और लकड़ी जैसी सामग्रियों की लोडिंग में 92.3 प्रतिशत, कोयले में 54.5 प्रतिशत और डोलोमाइट में 46.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
इसी तरह अनाज की लोडिंग में 39.6 प्रतिशत, कंटेनर परिवहन में 6.3 प्रतिशत और उर्वरक लोडिंग में 3.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के मुताबिक, माल ढुलाई में यह लगातार वृद्धि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था और विभिन्न उद्योगों के लिए परिवहन सुविधाओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रही है। यह जानकारी पूर्वोत्तर सीमा रेलवे, मालीगांव, गुवाहाटी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा की ओर से जारी की गई है।





