पटना: प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के पहले वर्ष की समीक्षा में बिहार के गया जिले ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। देश के 100 चयनित जिलों में गया के शीर्ष स्थान पर रहने पर बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने जिला प्रशासन, जिला कृषि पदाधिकारी और कृषि विभाग की पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने इस उपलब्धि को बिहार के कृषि क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि यह अधिकारियों और कर्मचारियों के परिश्रम के साथ किसानों की सहभागिता का परिणाम है।
योजना के तहत कृषि, सहकारिता, बैंकिंग, राजस्व, उद्योग और ग्रामीण विकास समेत 11 विभागों की 36 योजनाओं को एकीकृत किया गया है। इन योजनाओं की प्रगति 121 संकेतकों के आधार पर हर महीने देखी जाती है। समीक्षा के दौरान गया ने बेहतर प्रदर्शन किया। जिले में फसल विविधीकरण, कृषि उत्पादकता बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, पंचायत स्तर पर भंडारण व्यवस्था मजबूत करने और किसानों को समय पर कृषि ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई। इस उपलब्धि के लिए नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर को सम्मानित किया।
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बिहार के किसानों को बधाई देते हुए कहा कि किसानों की मेहनत राज्य की कृषि प्रगति का आधार है। मंत्री ने उम्मीद जताई कि गया की यह उपलब्धि राज्य के अन्य जिलों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि, कृषि उत्पादकता में वृद्धि और उनकी आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।




