मेहरमा। बलबड्डा थाना क्षेत्र के वीरनगर गांव में शनिवार को अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाया। चोर घर से नकदी और जेवरात समेत करीब 30 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ले गए। घटना के समय गृहस्वामी रोहित कुमार महतो, पिता दिलीप महतो, अपने परिवार के साथ पथरगामा स्थित रिश्तेदार के घर गए हुए थे।
परिवार के सदस्य जब वापस घर लौटे तो घर के अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर करीब 30 हजार रुपये नकद और आभूषण गायब मिले। इसके बाद गृहस्वामी ने तत्काल घटना की सूचना बलबड्डा थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर सअनि जगजीवन राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गृहस्वामी से घटना की जानकारी ली। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और अज्ञात चोरों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल घटना के संबंध में कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





