भागलपुर: बिहार विधान परिषद निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में कोषांग समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन से जुड़े विभिन्न कोषांगों की तैयारियों, आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता और लंबित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया।
बैठक में कार्मिक कोषांग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि द्वितीय नियुक्ति पत्र तैयार कर लिया गया है। निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त कर्मियों का प्रशिक्षण 13 और 14 अक्टूबर को निर्धारित किया गया है, जबकि माइक्रो प्रेक्षकों का प्रशिक्षण 16 अक्टूबर को पूर्णिया में आयोजित होगा। इसके अलावा मतदान सामग्री और फोल्ड मतपेटिकाओं को निर्धारित स्थानों तक भेजने की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। सामग्री और मतपेटिकाओं के प्रेषण के लिए आवश्यक प्रारूप तैयार कर लिए गए हैं। पूर्णिया में मतपेटिकाएं भेजने के लिए बसों का रूट चार्ट तैयार करने का निर्देश सहायक जिला परिवहन पदाधिकारी को दिया गया।
बैठक में विधि-व्यवस्था और निर्वाचन से संबंधित निगरानी व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से विधि-व्यवस्था की रिपोर्ट उपलब्ध कराने और उड़नदस्ता दल (एफएसटी) को सक्रियता बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही अवैध एवं संदिग्ध वस्तुओं के परिवहन और अन्य अनियमित गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन से जुड़े सभी लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन किया जाए, ताकि बिहार विधान परिषद निर्वाचन की प्रक्रिया सुचारू, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।




