भागलपुर: बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन विस्तार के तहत भागलपुर निवासी इंजीनियर रवि को प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और स्थानीय नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।
इंजीनियर रवि इससे पहले इंटक (INTUC) के जिला अध्यक्ष के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भूमिका और कांग्रेस के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी दी गई है।
नवनियुक्त प्रदेश महासचिव इंजीनियर रवि ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करना तथा कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार युवाओं को संगठन में अवसर दे रही है और युवा भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे। इंजीनियर रवि ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विचारों और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प दोहराते हुए विश्वास जताया कि इससे आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में पार्टी को लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अजीत शर्मा, कांग्रेस नेता विपिन बिहारी यादव, जिला अध्यक्ष प्रवेश जमाल, मिंटू कुरैशी, सुनंदा रक्षित, रोशनी गुप्ता, गौरव कुमार, अभिषेक चौबे सहित कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इंजीनियर रवि को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।





