भागलपुर। नगर निगम में चिन्हित वार्डों को विकास से वंचित रखने के आरोप के खिलाफ पार्षदों का एक शिष्टमंडल नगर आयुक्त से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। पार्षदों ने आरोप लगाया कि कुछ वार्डों को जानबूझकर विकास कार्यों से दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है। इस पर नगर आयुक्त ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि प्रत्येक वार्ड में समान रूप से और जरूरत के आधार पर विकास कार्य किए जाएंगे।
नगर आयुक्त के आश्वासन के बाद पार्षदों ने फिलहाल होने वाले आंदोलन को एनआईटी निकलने तक स्थगित करने का निर्णय लिया। पार्षदों ने स्पष्ट किया कि एनआईटी जारी होने के बाद यदि किसी भी वार्ड के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया गया, तो दोबारा आंदोलन की घोषणा की जाएगी।
मौके पर पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार यादव ने कहा कि द्वेष भावना के कारण कुछ चिन्हित वार्डों को विकास से वंचित रखने का प्रयास गलत है। इससे जनता का नगर निगम के प्रति विश्वास कम होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम के लिए सभी जनता बराबर है और यदि साजिश के तहत कुछ वार्डों को विकास से दूर किया गया तो पार्षद इसका पूरी तरह विरोध करेंगे। नगर आयुक्त के आश्वासन के बाद आंदोलन को फिलहाल वापस लिया गया है, लेकिन दोहरा रवैया अपनाए जाने पर फिर आंदोलन किया जाएगा।
शिष्टमंडल में पार्षद गोबिंद बनर्जी, सोनी देवी, रंजीत मंडल, नुशरत, अशोक पटेल, राजकुमार यादव और जहांगीर शामिल थे।





