भागलपुर: लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि के अवसर पर जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर भागलपुर स्थित जदयू जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही उनके व्यक्तित्व, विचारों और सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
जदयू जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण भारतीय लोकतंत्र के महान प्रहरी और जन आंदोलनों के प्रमुख प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश, समाज और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। वहीं, जदयू के पूर्व महानगर जिलाध्यक्ष सुड्डू साईं ने कहा कि जयप्रकाश नारायण का जीवन त्याग, संघर्ष और जनसेवा का अनुपम उदाहरण है। उनके विचार आज भी समाज और देश के लोगों को प्रेरणा देते हैं।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जिला प्रभारी प्रदीप कुशवाहा, प्रखंड अध्यक्ष ब्रजेश सिंह, जिला प्रवक्ता शैलेन्द्र तोमर, विश्वविद्यालय अध्यक्ष एहसान उल राजा डेविड और छात्र नेता फैसल समेत पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।





