भागलपुर: जिलाधिकारी अलंकृता पांडे की अध्यक्षता में ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, निदेशक, लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन, निदेशक, रा०नि०का०, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि मुख्य सचिव, बिहार के निर्देश के आलोक में ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के तहत पहले से मौजूद परिसंपत्तियों के उन्नयन, सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मतीकरण का कार्य 30 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाना है। वहीं नई आधारभूत संरचनाओं एवं परिसंपत्तियों के निर्माण का कार्य 31 मार्च 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं प्रखंडों को विभागवार परिसंपत्तियों के उन्नयन एवं जीर्णोद्धार तथा नई योजनाओं से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने तैयार प्रतिवेदन को विधिवत पोर्टल पर अपलोड करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों को प्रखंडों से प्राप्त योजनाओं की विवरणी का संबंधित विभागीय पदाधिकारी से सत्यापन कराते हुए प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने अभियान के तहत चिन्हित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के साथ-साथ सभी स्तरों पर नियमित अनुश्रवण एवं समीक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।





