भागलपुर। हबीबपुर स्थित राष्ट्रीय जनता दल के प्रधान कार्यालय में अल्पसंख्यक समुदाय के बुद्धिजीवियों, नौजवानों, छात्रों और राजद कार्यकर्ताओं के साथ अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों के साथ वर्तमान सरकार की नीतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के पूर्व मंत्री और राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद अली अशरफ फातमी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मोहिबुल हसन उर्फ हीरा शामिल हुए।
मुख्य अतिथि मोहम्मद अली अशरफ फातमी ने कहा कि वे पूरे बिहार का दौरा कर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से बातचीत कर रहे हैं और उनके मुद्दों को समझने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला-दर-जिला लोगों से राय ली जा रही है। फातमी के अनुसार, पार्टी के पुराने, जिम्मेदार और अनुभवी लोगों को उचित स्थान दिलाने को लेकर भी बिहारभर में लोगों से सुझाव लिए जा रहे हैं।
राजद नेता शेख ज्याउल हसन उर्फ जेड हसन ने कहा कि वर्तमान समय में जरूरी है कि समुदाय के लोग अपने मुद्दों को लेकर आपस में बैठकर विचार-विमर्श करें। उन्होंने तेजस्वी यादव का आभार जताते हुए कहा कि अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अली अशरफ फातमी को बिहार का दौरा करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि भागलपुर पहुंचकर फातमी ने अपने राजनीतिक और सामाजिक अनुभव साझा किए, जिससे कार्यकर्ताओं को प्रेरणा मिली। फातमी ने कहा कि सरकार की ओर से लाए जा रहे यूसीसी बिल का तेजस्वी यादव और राजद विरोध कर रहे हैं।
जेड हसन ने नाथनगर विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले 15 दिनों से अधिक समय से नाथनगर विधानसभा क्षेत्र समेत बिहार के कई जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के दो प्रखंडों के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया है। उनके अनुसार, कई जगहों पर लोगों को पॉलिथीन शीट और मवेशियों के लिए चारा नहीं मिल पाया है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों के घरों में पानी घुसा और जिन्हें आर्थिक नुकसान हुआ, उनमें कई लोगों को अब तक जीआर की राशि नहीं मिली है।
जेड हसन ने बताया कि इन समस्याओं से दो दिन पहले पटना में तेजस्वी यादव को अवगत कराया गया है। उनके अनुसार, तेजस्वी यादव ने आश्वासन दिया है कि विपक्ष के नाते सरकार से इन मुद्दों पर सवाल किया जाएगा और बाढ़ प्रभावित लोगों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाएं एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई जाएगी।
बैठक में बड़ी संख्या में राजद के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों पर एक-दूसरे से सवाल-जवाब भी किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ सरवर इमाम, राष्ट्रीय सचिव शहादत हुसैन, निवर्तमान जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ मोहम्मद मेराज, प्रोफेसर हलीम अख्तर, प्रोफेसर मुश्फिक आलम, मोहम्मद मुन्तकिम अंसारी, अयूब अली, कमरूजमा खान, मेराज अख्तर, नूर हसन फरीदी, मोहम्मद नईमुद्दीन, अंजार चौधरी, निवर्तमान नगर अध्यक्ष मोहम्मद शहाबुद्दीन, नियाज जफर, अयाज अंसारी, मोहम्मद उस्मान, मोहम्मद हुमायूं, मोहम्मद चांद, इरशाद फतेहपुरी, मोहम्मद मुजम्मिल, मुमताज, मोहम्मद जावेद, मोहम्मद कलीम, रिंकू सरपंच, मोहम्मद मोहिब आलम, डॉ. आर्यन, अरविंद यादव और जुम्मन अंसारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।





