गोड्डा: ईद-ए-मिलाद के अवसर पर 29वीं गोड्डा जिला स्तरीय भाषण, स्तुति गीत एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन जिला अल्पसंख्यक फाउंडेशन की ओर से स्थानीय जिला अधिवक्ता संघ सभागार में किया गया। प्रतियोगिता में 10 से 14 वर्ष तक के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। जिला भर के सरकारी, निजी एवं मिशन स्कूलों के साथ मदरसों और विभिन्न संस्थाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व बैंक पदाधिकारी विजय कुमार चौबे ने की। मुख्य अतिथि के रूप में गोड्डा के अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव मौजूद रहे। वहीं जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सुशील कुमार झा और महासचिव योगेश चंद्र झा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ पवित्र कुरान की तिलावत और अनुवाद के साथ हुआ। अरबी में सिफत फातिमा, ग्लोबल इकरा मिशन स्कूल, हिंदी में लक्ष्य राज, रायना पब्लिक स्कूल और अंग्रेजी में आयुषी कुमारी, क्रॉनिकल विद्यापीठ ने प्रस्तुति दी।
भाषण प्रतियोगिता में अबुजर गफारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। मोहम्मद शाहरुख दूसरे और मोहम्मद सिद्दीक तीसरे स्थान पर रहे। वहीं नातिया कलाम प्रतियोगिता में सफिया परवीन प्रथम, मोहम्मद अयान द्वितीय और बुशरा फातिमा तृतीय स्थान पर रहीं।
क्विज प्रतियोगिता में मोहम्मद अयान और मोहम्मद फरहान की जोड़ी ने प्रथम स्थान हासिल किया। नेहा परवीन और मंत्सा परवीन द्वितीय तथा खालिद अहमद और सोहेल अली की जोड़ी तृतीय स्थान पर रही।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र का संचालन गोड्डा केंद्रीय विद्यालय की कक्षा 12वीं की छात्रा रैना आजाद ने किया, जबकि दूसरे सत्र का संचालन शिक्षिका राखी कुमारी ने किया। आयोजन के संयोजक अजीत कुमार सहाय एजीपी ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। कार्यक्रम के सचेतक अधिवक्ता दिलीप कुमार तिवारी रहे।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका अधिवक्ता असलम परवेज, मास्टर मोहम्मद मुनाजिर, जावेद अख्तर, इम्तियाज अंसारी, इम्तियाज आलम, शम्स तबरेज, निसार अहमद, सुफियान सहित अन्य लोगों ने निभाई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अधिवक्ता जय किशोर ठाकुर, जयकांत रावत, आशुतोष तिवारी, इस्लाम, विकास, चंद्र पंडित, दिनकर कुमार, मोहम्मद जब्बार, अब्दुल सलाम, अर्श, रानू, इबरार, इम्तियाज समेत कई लोगों ने सहयोग किया।
कार्यक्रम के दौरान विश्व शांति के लिए हाफिज मुजीबुर रहमान ने प्रार्थना की। इसके बाद सभा अध्यक्ष विजय कुमार चौबे ने धन्यवाद ज्ञापन किया और कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और सभा अध्यक्ष की ओर से पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए समाज और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में ऐसे कार्यक्रमों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।





