भागलपुर : माँ आनंदी फाउंडेशन की ओर से संचालित सामाजिक एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन एरोबिक स्थल पर निःशुल्क योगाभ्यास कराया जाता है। इसी क्रम में आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को योग के महत्व, उसके वैज्ञानिक आधार तथा दैनिक जीवन में योग के सकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने बताया कि योग का अर्थ ‘जोड़ना’ या ‘मिलन’ होता है। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का माध्यम है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाता है।कार्यक्रम में प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास के लाभों से अवगत कराया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। नियमित योग करने से तनाव कम होता है, एकाग्रता बढ़ती है तथा अनेक रोगों से बचाव संभव होता है।माँ आनंदी फाउंडेशन ने समाज के सभी वर्गों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।


