मेहरमा: सावित्री आंतरिक सेवा ट्रस्ट, बाराहाट ईशीपुर की ओर से 25 अप्रैल से बाजार क्षेत्र में संचालित नि:शुल्क जल सेवा अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले ट्रस्ट के कार्यकारिणी सदस्य रामू साह को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें चादर ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
ट्रस्ट के अनुसार, रामू साह की देखरेख में बाजार क्षेत्र में नि:शुल्क जल सेवा का सफल संचालन किया जा रहा है, जिससे भीषण गर्मी के दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों को राहत मिल रही है।
सम्मान समारोह में ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. योगेश कौशल, संरक्षक प्रो. सुदामा महतो, कुशवाहा मंच के साहित्यकार हरे राम निराला, डॉ. दीपंकर तथा ट्रस्ट के सचिव मुकेश आजाद उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. योगेश कौशल ने कहा कि “सेवा परम धर्म है” और समाजहित में कार्य करने वाले सेवाभावी लोगों को ट्रस्ट समय-समय पर सम्मानित करता रहेगा।
वहीं प्रो. सुदामा महतो और हरे राम निराला ने जरूरतमंदों की सेवा को समाज का सबसे बड़ा दायित्व बताते हुए क्षेत्र में अस्पतालों में चिकित्सकों एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था, जर्जर सड़कों के निर्माण तथा वृद्धाश्रम की आवश्यकता जैसे मुद्दों पर भी अपने विचार रखे।
रामू साह, वार्ड प्रतिनिधि एवं ट्रस्ट के कार्यकारिणी सदस्य बबलू साह तथा सचिव मुकेश आजाद ने कहा कि सावित्री आंतरिक सेवा ट्रस्ट भविष्य में भी बेजुबान पशु-पक्षियों की सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि जैसे क्षेत्रों में जनहित के कार्य निरंतर करता रहेगा।




