प्रवीण कुमार, कटिहार/पूर्णिया। पोषण माह के तहत पूर्णिया जिले में समेकित बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस) के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का यूनिसेफ की केंद्रीय एवं राज्य टीम के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। टीम ने बैसी प्रखंड के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 102 तथा कसबा प्रखंड के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 65 और 49 के अलावा आदर्श रामानंद सागर मध्य विद्यालय का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर संचालित पोषण संबंधी गतिविधियों का अवलोकन किया। साथ ही बच्चों और अन्य लाभार्थियों को पोषण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। टीम ने गर्भवती और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य तथा नवजात शिशुओं की देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
इस अवसर पर यूनिसेफ बिहार की सीएफओ डॉ. मोनिका नीलसन, क्रिस्टीना पोपिवानोवा, यूनिसेफ चीफ ऑफ सोशल, डॉ. शिवानी डार, यूनिसेफ राज्य कंसल्टेंट, अभय कुमार, सोशल पॉलिसी स्पेशलिस्ट, मनीषा कुमारी, आईसीडीएस महिला पर्यवेक्षिका, यूनिसेफ जिला पोषण कंसल्टेंट निधि भारती, शुभम गुप्ता, स्वास्थ्य कंसल्टेंट शिवशेखर आनंद और प्रखंड समन्वयक अभय आनंद सहित आंगनबाड़ी सेविकाएं, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आशा फैसिलिटेटर, सहायिका और बच्चे मौजूद रहे।
सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण माह का आयोजन
आईसीडीएस महिला पर्यवेक्षिका मनीषा कुमारी ने बताया कि जिले में पोषण माह का आयोजन 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक किया जा रहा है। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं और किशोरियों के पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी सेविकाओं की ओर से केंद्रों पर संचालित गतिविधियों, आरोग्य दिवस और पोषण माह के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी यूनिसेफ की केंद्रीय एवं राज्य टीम के अधिकारियों को दी गई। निरीक्षण के दौरान टीम ने विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन करते हुए आवश्यक सुझाव भी दिए।
पोषण माह का उद्देश्य समुदाय में संतुलित आहार, उचित पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कुपोषण को दूर करने के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है। इस दौरान स्कूल न्यूट्रीशन प्रोग्राम, अंकुरण और पोषण माह के तहत संचालित गतिविधियों की भी सराहना की गई।





