पाकुड़। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर जिले में आयोजित तीन दिवसीय खेल समारोह का रविवार को भव्य समापन हुआ। समारोह के तीसरे और अंतिम दिन ‘सक्रिय रहें’ थीम के तहत ‘विशेष रविवार—साइकिल संस्करण’ का आयोजन किया गया। डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षुओं के साथ जिले के विभिन्न खिलाड़ियों और युवाओं ने साइकिलिंग गतिविधि में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों, युवाओं और आम लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित किया गया। खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ साइकिल चलाकर नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
साइकिलिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
आयोजित साइकिलिंग प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बालक अंडर-14 वर्ग में विवेक दास ने प्रथम, रौशन कुमार भगत ने द्वितीय और सुदीप दास ने तृतीय स्थान हासिल किया।
वहीं बालिका अंडर-14 वर्ग में सुधा कुमारी पासवान ने प्रथम, रेयाक्षा प्रवीण ने द्वितीय और कल्याणी सरकार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सीनियर पुरुष वर्ग में समीर अंसारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। नज़मी शेख द्वितीय और बिकास साहा तृतीय स्थान पर रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
खेलकूद से स्वस्थ जीवन का संदेश
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अर्धेंदु गांगुली, जिला साइकिलिंग संघ के सचिव रणवीर सिंह, प्रशिक्षक अक्षय बाउरी, संजय भगत सहित अन्य खेलकर्मी और खिलाड़ी मौजूद रहे।
अधिकारियों और प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल और शारीरिक गतिविधियां केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं हैं। नियमित खेलकूद स्वस्थ शरीर के साथ सकारात्मक सोच, अनुशासन और आत्मविश्वास के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बच्चों और युवाओं से प्रतिदिन खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए समय निकालने की अपील की।
तीन दिवसीय समारोह में दिखा उत्साह
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय समारोह के दौरान जिले में विभिन्न खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ना, फिटनेस के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।
समारोह के दौरान ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ के संदेश को भी जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। समापन के अवसर पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और युवाओं ने स्वस्थ, सक्रिय और सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के जरिए यह संदेश दिया गया कि खेल केवल प्रतियोगिता, जीत और पदक तक सीमित नहीं है, बल्कि नियमित खेलकूद और शारीरिक सक्रियता स्वस्थ एवं बेहतर जीवन की मजबूत नींव है। ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ के संकल्प के साथ तीन दिवसीय खेल समारोह का समापन हुआ।




