प्रवीण कुमार, कटिहार। आगामी 12 सितंबर 2026 को व्यवहार न्यायालय, कटिहार में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिले में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कटिहार के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष रणवीर सिंह तथा अपर न्यायाधीश-सह-सचिव कमलेश कुमार देवऊ के निर्देश पर पारा विधिक स्वयंसेवकों को अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को लोक अदालत की सुविधाओं की जानकारी देने का निर्देश दिया गया है।
निर्देश के अनुसार पारा विधिक स्वयंसेवक पवन कुमार ने आम लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत से मिलने वाली नि:शुल्क कानूनी सलाह और सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का मामला न्यायालय में लंबित है और आर्थिक परेशानी के कारण वह कानूनी सहायता लेने में सक्षम नहीं है, तो जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से नि:शुल्क कानूनी सलाह, सहायता और अधिवक्ता की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार को लेकर पवन कुमार ने क्षेत्र के चौक-चौराहों और कोर्ट परिसर में लोगों से संपर्क कर उन्हें लोक अदालत के बारे में जागरूक किया। उन्होंने आम नागरिकों से आगामी 12 सितंबर को व्यवहार न्यायालय, कटिहार में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की।
इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध नि:शुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें न्याय तक पहुंचने में सहायता करना है। कार्यक्रम के दौरान विधिक स्वयंसेवक अविनाश कुमार और सचिन कुमार भी उपस्थित रहे।




