गोड्डा: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सह प्रधान जिला जज रमेश कुमार एवं सचिव दीपक कुमार के निर्देश पर रविवार को प्रखंड स्तर पर गठित लीगल एड क्लिनिक की ओर से जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकार और उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी दी गई।
डालसा की ओर से गठित सदर प्रखंड की टीम में शामिल चंपा कुमारी और इंतेखाब आलम ने सदर प्रखंड के लोबंधा गांव में नालसा (वरिष्ठ नागरिकों के लिए कानूनी सेवाएं) योजना, 2016 के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के बुनियादी अधिकारों को सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के माध्यम से बुजुर्गों को उनके कानूनी अधिकारों और न्याय से संबंधित सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
कार्यक्रम में बताया गया कि योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को उनके बुनियादी अधिकारों, कानूनी सुरक्षा और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाती है। राष्ट्रीय, राज्य, जिला और तालुका स्तर पर बुजुर्गों के लिए मुफ्त कानूनी सहायता और वकीलों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की व्यवस्था है। इसके अलावा पेंशन और स्वास्थ्य सुविधाओं जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सहायता की जाती है।
वरिष्ठ नागरिक ट्रिब्यूनल, अपीलीय ट्रिब्यूनल और वृद्धाश्रमों में विशेष लीगल सर्विसेज क्लिनिक के माध्यम से भी बुजुर्गों को कानूनी मदद उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। पैरा-लीगल वॉलंटियर्स बुजुर्गों और विधवाओं को रुकी हुई पेंशन शुरू कराने तथा आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और आयु प्रमाण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेज बनवाने में सहयोग करते हैं।
इसके अलावा महागामा, बोआरीजोर, पथरगामा, पोड़ैयाहाट, सुंदरपहाड़ी, मेहरमा, ठाकुरगंगटी और बसंतराय प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में भी शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों और उपलब्ध विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया।





