पीरपैंती। विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर बुधवार को पीरपैंती में निर्माणाधीन अदाणी पावर प्लांट परिसर में पर्यावरण संरक्षण और ओजोन परत के महत्व को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अदाणी पावर के अधिकारियों के साथ सहयोगी कंपनियों के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान ओजोन परत के महत्व, पर्यावरण संरक्षण और ओजोन परत को नुकसान पहुंचाने वाले कारकों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि ओजोन परत सूर्य से आने वाली हानिकारक पराबैंगनी (UV) किरणों से पृथ्वी की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके संरक्षण के लिए पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और समाज में पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। साथ ही, प्लांट परिसर में कार्यरत कर्मचारियों से अपने आसपास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों के बीच पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के साथ-साथ ओजोन परत के संरक्षण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा।





