
अमड़ापाड़ा। सड़क पर घूम रहे मवेशियों की चोरी कर उन्हें वाहन में ले जा रहे दो आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। जांच के बाद दोनों के खिलाफ मवेशी चोरी और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैलाश साहा (43 वर्ष), पिता श्यामचंद साहा, निवासी हाथकादी, थाना हिरणपुर तथा आरीफ अंसारी (19 वर्ष), पिता सदिक अंसारी, निवासी बाँसकेन्दरी, थाना महेशपुर, जिला पाकुड़ के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को दोनों आरोपी सड़क पर घूम रहे मवेशियों को चोरी कर एक वाहन में ले जा रहे थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों को संदेह हुआ और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को वाहन समेत पकड़ लिया।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी कैलाश साहा का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में भी इसी प्रकार की घटनाओं में संलिप्त रह चुका है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में मवेशी चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मवेशी चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

