नई दिल्ली में सवर्ण समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर क्षत्रिय करणी सेना के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत, सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता एवं महिला करणी सेना प्रमुख संगीता सिंह और उनकी टीम के साथ केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने वार्ता की। सवर्ण मोर्चा के अनुसार, यह बैठक देर रात तक चली, जिसमें सवर्ण समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
अखिल भारतीय सवर्ण मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय संरक्षक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि बैठक में यूजीसी एक्ट, एससी-एसटी एक्ट समेत सवर्ण समाज से जुड़े प्रमुख विषयों पर तथ्यपरक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों और मुद्दों को सरकार के सामने रखा।
सवर्ण मोर्चा के मुताबिक, केंद्रीय मंत्रियों की ओर से इन मांगों और विषयों पर गंभीरता से विचार करने तथा उचित निर्णय लेने की बात कही गई है। साथ ही सरकार की ओर से अगली वार्ता के लिए करीब तीन सप्ताह का समय मांगा गया है। राज शेखावत और अधिवक्ता संगीता सिंह ने सरकार के इस प्रस्ताव को स्वीकार किया है।
संजीव कुमार सिंह ने बताया कि अगली बैठक में सवर्ण समाज से जुड़े मुद्दों पर निर्णय होने तक नेताओं की ओर से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते रहने का फैसला किया गया है। उन्होंने राज शेखावत और अधिवक्ता संगीता सिंह से फोन पर अगली रणनीति को लेकर भी चर्चा की। सवर्ण मोर्चा ने उम्मीद जताई कि सरकार आगामी वार्ता में इन मुद्दों को लेकर आगे की कार्रवाई पर अपना पक्ष रखेगी।





