हनवारा संवाददाता। महागामा प्रखंड के झारखंड-बिहार सीमा क्षेत्र से आवागमन के लिए महत्वपूर्ण हनवारा पुल की रेलिंग इन दिनों जर्जर स्थिति में पहुंच गई है। पुल की रेलिंग का सीमेंट कई जगहों से टूटकर झड़ गया है, जिससे अंदर लगा सरिया बाहर दिखाई देने लगा है। रेलिंग की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, हनवारा पुल से रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया, चारपहिया और अन्य वाहन भी इसी पुल से होकर गुजरते हैं। ऐसे में रेलिंग के क्षतिग्रस्त रहने से किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से पुल की रेलिंग की स्थिति खराब होती जा रही है, लेकिन अब तक इसकी समुचित मरम्मत नहीं कराई गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई स्थानों पर रेलिंग का सीमेंट पूरी तरह टूट चुका है और सरिया बाहर निकल आया है। समय के साथ क्षतिग्रस्त हिस्से बढ़ते जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से पुल का स्थल निरीक्षण कराने तथा क्षतिग्रस्त रेलिंग की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही पुल की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की अपील की गई है, ताकि झारखंड-बिहार सीमा क्षेत्र से आवागमन करने वाले लोगों को सुरक्षित आवाजाही की सुविधा मिल सके।





