नई दिल्ली: हिंदू समाज पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक संजीव कुमार सिंह ने अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा और चंदा अनियमितता के आरोपों को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन आरोपों से देश और विदेश में रहने वाले सनातन समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
संजीव कुमार सिंह ने अपने बयान में कहा कि कथित मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव की तत्काल गिरफ्तारी कर उनसे कड़ी पूछताछ की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच आवश्यक है ताकि सभी तथ्यों का खुलासा हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले को लेकर विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों की चुप्पी पर समाज में सवाल उठ रहे हैं। उनके अनुसार, यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता हुई है तो उसकी पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
नोट: यह समाचार हिंदू समाज पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक संजीव कुमार सिंह द्वारा जारी बयान पर आधारित है। इसमें लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

