हिरणपुर: ग्रामीण स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और विभिन्न विभागों की योजनाओं के बेहतर अभिसरण को लेकर गुरुवार को घाघरजानी स्थित प्रखंड सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह क्षमतावर्धन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्रामीण स्वच्छता को बढ़ावा देने और विभागीय योजनाओं के बीच बेहतर समन्वय को लेकर प्रतिभागियों को जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में सहायक अभियंता अभिजीत किशोर, जिला समन्वयक सुमन कुमार मिश्रा, रितेश कुमार, मो. इमरान आलम, बीपीओ टींकल चौधरी और प्रखंड समन्वयक अभिषेक गोंड ने विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों को पंचायत स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने और सरकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस दौरान जलसहियाओं और पंचायत सचिवों को नमस्ते एप के उपयोग और उसमें आंकड़ा प्रविष्टि की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को पंचायत स्तर पर आंकड़ों के सही संधारण, योजनाओं से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी और कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई। प्रशिक्षण में सभी मुखिया, जलसहिया, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्य, पंचायत सचिव, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सहित संबंधित कर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायतों में ग्रामीण स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के अभिसरण के जरिए विकास कार्यों को गति देना रहा।




