
कटिहार/बेगूसराय : डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, भर्रा (बेगूसराय) के छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर की विद्यालयी क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय के साथ-साथ बिहार राज्य का नाम भी रोशन किया है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अविनाश पाटिल ने बताया कि कक्षा 10 के छात्र गोपाल कुमार, कक्षा 9 के छात्र विट्टू कुमार तथा कक्षा 8 के छात्र साहिल कुमार एवं दिलखुश कुमार ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन सभी छात्रों को नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक, भारत सरकार द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल कर विद्यालय लौटने पर सभी विजेता छात्रों के सम्मान में विद्यालय परिसर में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के जिला कल्याण पदाधिकारी राम शंकर कुमार, विद्यालय प्रबंधक सह प्रखंड कल्याण पदाधिकारी कमलेश कुमार तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक अविनाश पाटिल ने संयुक्त रूप से छात्रों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं विद्यालय परिवार ने विजेता छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया और उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।

