गोड्डा: झारखंड प्रदेश विद्यालय रसोइया संयोजिका अध्यक्ष संघ की महागामा प्रखंड स्तरीय बैठक रविवार को ऊर्जा नगर स्थित राजेंद्र स्टेडियम में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बबीता कुमारी आनंद ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए बबीता कुमारी आनंद ने बताया कि संघ के आह्वान पर पांच सूत्री मांगों को लेकर 18 फरवरी 2026 से 17 मार्च 2026 तक राज्यव्यापी हड़ताल की गई थी। इसके बाद राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ हुई वार्ता में रसोइयों के लिए 10 लाख रुपये का बीमा, वर्ष में दो साड़ी सेट, कार्यकाल के दौरान मृत्यु होने पर आश्रितों को मुआवजा, आश्रित को रोजगार तथा न्यूनतम वेतन से जोड़ने सहित कई मांगों पर सहमति बनी थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक सरकार द्वारा इन वादों को लागू नहीं किया गया है। साथ ही गत वित्तीय वर्ष एवं चालू वित्तीय वर्ष के चार माह के लंबित मानदेय का भुगतान भी नहीं हुआ है, जिससे रसोइयों के सामने आर्थिक संकट और भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रसोइयों का बकाया मानदेय, मध्यान्ह भोजन योजना (एमडीएम) की लंबित राशि तथा विद्यालयों में एमडीएम के चावल की आपूर्ति अविलंब सुनिश्चित की जाए। संघ ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो जिला कार्यालय के समक्ष विशाल प्रदर्शन और घेराव किया जाएगा।
बैठक में सीता देवी, रूमा देवी, कामोदिनी, राजकुमारी, मोनिका सोरेन, सुशीला सोरेन, ज्योति मोहाली, हलीमा, तरन्नुम, जिया, सुलेखा, पिंकी, प्रतिमा, टींकी, होपन बिटी किस्कु, मनीषा सोरेन, द्रौपदी, कौशल्या, ताहिरण, मक्कू, प्रमोदी टुडू, मुन्नी, सरिता, गीता, मिन्हाजुल, रानी, उमा सहित बड़ी संख्या में रसोइया संयोजिकाएं उपस्थित रहीं।




