राजमहल (साहिबगंज): नगर पंचायत चुनाव 2026 के चुनावी समर के बीच राजमहल से बड़ी खबर सामने आई है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वार्ड संख्या 5 और वार्ड संख्या 14 से एक-एक प्रत्याशी के मैदान में रहने के कारण उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया है। इस जीत के साथ ही समर्थकों में भारी उत्साह है और जीत का जश्न मनाया जा रहा है।
वार्ड संख्या 5: मोहम्मद मारूफ की जीत
वार्ड संख्या 5 में नाम वापसी के बाद मोहम्मद मारूफ के खिलाफ कोई अन्य प्रत्याशी मैदान में नहीं बचा। इसके उपरांत निर्वाचन पदाधिकारी सह एसडीओ सदानंद महतो ने उन्हें आधिकारिक रूप से निर्विरोध निर्वाचित घोषित करते हुए जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। प्रमाण पत्र मिलते ही समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया।
वार्ड संख्या 14: कफीरन बीवी निर्विरोध निर्वाचित
वहीं, वार्ड संख्या 14 से कफीरन बीवी ने निर्विरोध जीत दर्ज की है। जानकारी के अनुसार, नामांकन वापसी के अंतिम दिन उनके प्रतिद्वंदी और पति रियाज शेख द्वारा नाम वापस लेने के बाद वे एकमात्र प्रत्याशी रह गई थीं। निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रभारी बीडीओ मो. युसूफ ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया।
समर्थकों ने मनाया जश्न
निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा होते ही दोनों वार्डों में समर्थकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। जीत के प्रमाण पत्र के साथ जैसे ही प्रत्याशी अपने क्षेत्रों में पहुंचे, लोगों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।





