गोड्डा: बसंतराय थाना क्षेत्र के छोटी साखी मोड़ के समीप सोमवार को पाइप लोड पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी मोटरसाइकिल का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पाइप से लदा पिकअप वाहन बसंतराय स्थित एक स्थान पर पाइप पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार का वाहन अनियंत्रित हो गया और पिकअप से टकरा गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घायल युवक को सड़क से उठाकर प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल/चिकित्सक के पास पहुंचाया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।





