सहरसा: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सहरसा के जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन साह ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने और अराजक राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर किया गया विरोध प्रदर्शन लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं था।
राजीव रंजन साह ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन विरोध-प्रदर्शन संविधान और कानून के दायरे में होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली और पटना में छात्रों के नाम पर चल रहे आंदोलनों का कुछ विपक्षी दल राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि छात्रों की वास्तविक समस्याओं के समाधान पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश के माध्यम से छात्रों के हितों और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट की है। भाजपा हमेशा से युवाओं और छात्रों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है और उनकी सुरक्षा तथा भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा नेता ने कहा कि यदि किसी परीक्षा या व्यवस्था में कोई कमी है, तो उसका समाधान संवाद, पारदर्शिता और संवैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से होना चाहिए, न कि अराजकता फैलाकर या लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अनावश्यक दबाव बनाकर।
राजीव रंजन साह ने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता छात्र हित के नाम पर की जा रही अवसरवादी राजनीति और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के उल्लंघन का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी। साथ ही उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के विरुद्ध होने वाली किसी भी प्रकार की राजनीति का लगातार विरोध करती रहेगी।





