पाकुड़: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान-2026 को गति देने के उद्देश्य से पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के आदिवासी बहुल इलाकों में एईआरओ सह अंचलाधिकारी अरविन्द कुमार बेदिया के नेतृत्व में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) और ग्रामीणों को अभियान की जानकारी दी गई तथा गणना प्रपत्र जमा करने के लिए जागरूक किया गया।
रात्रि चौपाल में मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्य, गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरने की प्रक्रिया और निर्धारित समय-सीमा की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने लोगों से समय पर अपने प्रपत्र संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पारदर्शी, त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
अभियान के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बीएलए और मतदाताओं के सहयोग से 200 से अधिक गणना प्रपत्र प्राप्त हुए। अधिकारियों ने इसे अभियान के प्रति लोगों की सकारात्मक भागीदारी बताते हुए कहा कि अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह जनजागरूकता कार्यक्रमों को तेज किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र मतदाता इस प्रक्रिया में शामिल हो सकें।
एईआरओ सह अंचलाधिकारी अरविन्द कुमार बेदिया ने सभी बीएलओ, बीएलए और संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि 25 जुलाई तक अधिकतम गणना प्रपत्र संग्रहित कर जमा करना सुनिश्चित करें, ताकि 29 जुलाई की निर्धारित समय-सीमा से पहले सभी प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य शत-प्रतिशत पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, जिसके लिए प्रत्येक पात्र मतदाता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।





