पाकुड़: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से 29 जुलाई 2026 तक हर हाल में अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बूथ स्तरीय पदाधिकारी (बीएलओ) को जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अंतिम तिथि में अब केवल पांच दिन शेष हैं, इसलिए सभी मतदाता समय रहते प्रक्रिया पूरी कर लें।
उपायुक्त ने कहा कि गणना प्रपत्र सही ढंग से भरना, आवश्यक स्थानों पर हस्ताक्षर करना और निर्धारित समय-सीमा के भीतर जमा करना प्रत्येक पात्र मतदाता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी योग्य मतदाताओं की भागीदारी आवश्यक है।
मेघा भारद्वाज ने जानकारी दी कि 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसलिए अंतिम समय तक इंतजार करने के बजाय सभी मतदाता जल्द से जल्द अपना गणना प्रपत्र जमा करें, ताकि भीड़ और अनावश्यक विलंब से बचा जा सके तथा निर्वाचन प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो।
उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता को अब तक गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुआ है या प्रपत्र भरने में किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता है, तो वह तुरंत अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क करें। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) या सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और जागरूक नागरिकों से भी अपील की कि वे अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी योग्य मतदाता इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया से वंचित न रहे।





