घाटशिला। घाटशिला अंचल के सीआई लखीन्द्र मांझी के साथ मारपीट के आरोप में नवाब कोठी निवासी एवं शौर्य चक्र विजेता मो. जावेद के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत घाटशिला थाना में मामला दर्ज किया गया है। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को अंचल कर्मियों ने घाटशिला प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना देकर विरोध जताया। कर्मियों ने आरोपी की गिरफ्तारी होने तक कलम बंद हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया है। इससे अंचल कार्यालय का कामकाज प्रभावित होने की बात कही जा रही है।
धरना के दौरान अंचल कर्मियों ने सीओ के नाम ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि सीआई लखीन्द्र मांझी के साथ कथित रूप से किए गए अपमानजनक व्यवहार के बाद अंचल कर्मियों में भय का माहौल है। कर्मियों का आरोप है कि घटना के बाद 36 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद एफआईआर दर्ज होने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। कर्मियों ने पुलिस की कार्रवाई में देरी को लेकर असंतोष जताया और कहा कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे कलम बंद हड़ताल पर रहेंगे।
अंचल कर्मियों के अनुसार घटना के विरोध में चाकुलिया अंचल के कर्मचारी भी शुक्रवार को कलम बंद हड़ताल पर रहकर लखीन्द्र मांझी के समर्थन में उतर आए। वहीं मो. जावेद की ओर से थाना भेजी गई लिखित शिकायत के संबंध में घाटशिला पुलिस ने मामला दर्ज किया है या नहीं, इस पर पुलिस की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
धरना में लखीन्द्र मांझी, राज कुमार प्रसाद, किशन कुमार राय, पालु राम सोरेन, लखीन्द्र मुर्मू, आशुतोष चौबे, अविनाश कुमार महतो, मेघराज मुर्मू, सुरेंद्र मुर्मू, कौशिक कुमार नामाता, टिबला सब और साद आतिक समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।
अर्द्धसैनिक सेवा परिषद ने भी की सदस्यों से अपील
दूसरी ओर अर्द्धसैनिक सेवा परिषद ने अपने सदस्यों से अनुमंडल कार्यालय में एकत्र होकर मो. जावेद के समर्थन में प्रदर्शन करने की अपील की है। परिषद का आरोप है कि जावेद के साथ कथित रूप से रास्ते में मारपीट की गई, जिससे उनके सिर में चोट लगी। परिषद ने संबंधित सीआई की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि कार्रवाई होने पर ही न्याय संभव होगा।
मामले में दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अब पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।





