महागामा। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, गड्ढों में भरा बारिश का पानी और चारों तरफ फैला कीचड़… यह किसी खेत की पगडंडी का दृश्य नहीं, बल्कि महागामा प्रखंड के नयानगर पंचायत स्थित नरैनी मोड़ चौक के समीप मुख्य सड़क की तस्वीर है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण यहां से गुजरने वाले लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और हादसे का खतरा भी बढ़ गया है।
नरैनी मोड़ से होकर गुजरने वाला यह मार्ग दिघी बॉर्डर के रास्ते बिहार को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। हनवारा के रास्ते बिहार आने-जाने वाले सैकड़ों लोग प्रतिदिन इसी सड़क का इस्तेमाल करते हैं। इस मार्ग से छोटे-बड़े वाहनों के अलावा बाइक सवार, साइकिल चालक और पैदल राहगीरों का भी लगातार आवागमन होता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है। वहीं, सड़क पर जमा कीचड़ के कारण बाइक और साइकिल के फिसलने का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। गड्ढों से बचकर निकलने के लिए वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। कई बार वाहनों को सड़क के खराब हिस्से से बचाने के लिए अचानक दिशा बदलनी पड़ती है, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है, लेकिन बारिश के बाद समस्या और गंभीर हो गई है। यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से सड़क की जल्द मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।





