राजकीय शिक्षक सम्मान प्राप्त कर विद्यालय लौटे विशिष्ट शिक्षक विप्लव कुमार का मध्य विद्यालय अरिहाना में भव्य सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। विद्यालय पहुंचने पर बाल संसद, मीना मंच की बच्चियों और छात्राओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। छात्राओं ने पुष्पगुच्छ और फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर बाल संसद की प्रधानमंत्री नंदनी कुमारी, मीना मंच की कौशल्या कुमारी, बबली कुमारी, रोशनी कुमारी, सुमन कुमारी, राखी कुमारी और राजवती कुमारी सहित अन्य छात्राओं ने शिक्षक विप्लव कुमार के प्रति अपने विचार व्यक्त किए। छात्रों में राजकिशोर, अमित कुमार, कुंदन कुमार और बाबुल कुमार ने कहा कि विप्लव कुमार केवल पढ़ाते ही नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन में सफल होने का रास्ता भी बताते हैं। वे बच्चों को नैतिक ज्ञान देने के साथ दैनिक जीवन में काम आने वाली कई उपयोगी बातें भी सिखाते हैं। बच्चों ने कहा कि शिक्षक विप्लव कुमार उन्हें केवल किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि एक अच्छा इंसान बनने की सीख भी देते हैं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार विश्वास एवं वरीय शिक्षक श्याम रविदास, नूर आलम, नुरुल होदा, राज कपूर, आदित्य राज, सुबोध कुमार, फरहत, जयंत मंडल, गगन कुमार और ममता कुमारी सहित अन्य शिक्षकों ने भी विप्लव कुमार का अभिनंदन किया। शिक्षकों ने कहा कि उनकी कार्यशैली से सीख लेने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यालय के विकास और सकारात्मक बदलाव में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विद्यालय के प्रति उनका समर्पण और बच्चों के हित में लगातार किए जाने वाले प्रयास सराहनीय हैं।
शिक्षकों ने कहा कि विप्लव कुमार को राज्य सरकार द्वारा राजकीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया जाना पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरव की बात है। उनकी यह उपलब्धि विद्यालय के बच्चों और शिक्षकों के लिए प्रेरणादायक है। शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि उनकी उपलब्धि से विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों को भी बेहतर कार्य करने और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देने की प्रेरणा मिलेगी।





