मनिहारी विधानसभा क्षेत्र के मनसाही प्रखंड की कई पंचायतों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। सोमवार को सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने कांग्रेस नेताओं के साथ चित्तौड़िया पंचायत के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति और नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि चित्तौड़िया पंचायत के साथ साहेबनगर और मोहनपुर पंचायत के कई वार्ड भी बाढ़ की चपेट में हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। यदि इसी तरह पानी बढ़ता रहा तो रात तक स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रभावित लोगों ने सांसद प्रतिनिधि के सामने राहत और बचाव से जुड़ी अपनी समस्याएं रखीं।
मौके पर पहुंचे सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर तत्काल मनसाही के अंचल अधिकारी से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता राशि, सूखा राशन, पशुओं के लिए सूखा चारा, तिरपाल, पॉलिथीन और मेडिकल सुविधा सहित हर संभव मदद जल्द उपलब्ध कराने की मांग की।
सुनील कुमार यादव ने कहा कि बाढ़ प्रभावित सभी लोगों के लिए तत्काल सामुदायिक किचन की व्यवस्था शुरू होनी चाहिए, ताकि कोई भी प्रभावित व्यक्ति भूखा न सोए और इस मुश्किल घड़ी में खुद को अकेला महसूस न करे।
इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिलीप विश्वास, अरुण सिंह, जुबेर आलम, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष कमरुल हक, दीपनारायण पासवान, खुर्शीद आलम, समाजसेवी भोला साह, रमेश यादव, मोहम्मद अनिसुर, चंद्रशेखर पासवान, मो. शरीफुल हक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





