पाकुड़: बीडीओ के कार्यालय कक्ष में मंगलवार को 16वें वित्त आयोग के तहत प्रखंड स्तरीय विकास योजना 2026-27 को लेकर पंचायत समिति कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख शुभलक्ष्मी मुर्मू ने की। इस दौरान बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव, प्रखंड उप प्रमुख नसीमा खातून, बीपीआरओ, 42 पंचायत समिति सदस्य, पंचायती राज प्रखंड समन्वयक साऐम अख्तर समेत अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में 16वें वित्त आयोग के तहत प्रखंड की 42 पंचायतों में करीब दो करोड़ रुपये की राशि से अनाबद्ध और आबद्ध योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। बैठक में सेनिटेशन, पेयजल, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, तरल अपशिष्ट प्रबंधन, पीसीसी सड़क, चबूतरा, पुलिया, पार्टकूप, चबूतरा मरम्मती और गार्डवाल निर्माण जैसी योजनाओं पर चर्चा की गई।
इसके अलावा विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक भवनों की मरम्मती सहित अन्य अनुमन्य कार्यों को भी योजना में शामिल करने की जानकारी दी गई। वहीं, सीसीटीवी अधिष्ठापन, हटिया शेड और दुकान निर्माण जैसी योजनाओं के चयन को लेकर भी चर्चा हुई।
बैठक में व्यक्तिगत योजनाओं और प्रतिबंधित योजनाओं को लेकर 16वें वित्त आयोग की गाइडलाइन का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया। पंचायत समिति सदस्यों को निर्देश दिया गया कि निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप योजनाओं का चयन कर 15 सितंबर से पहले उनका अनुमोदन कराया जाए।
इस दौरान 16वें वित्त आयोग की गाइडलाइन के अनुसार प्रखंड स्तरीय विकास योजना (बीआरओपी) 2026-27 के तहत ली जाने वाली टायड और अनटायड योजनाओं के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों ने योजना चयन के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।





