प्रवीण कुमार, कटिहार। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, कोलासी, कटिहार में मंगलवार को दो दिवसीय संकुल स्तरीय कला उत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। बिहार और झारखंड के 20 जवाहर नवोदय विद्यालयों के विद्यार्थी एवं संरक्षक इस आयोजन में उत्साह के साथ शामिल हो रहे हैं। विद्यार्थियों ने लोक नृत्य, क्षेत्रीय परंपराओं, पारंपरिक वेशभूषा और संगीत के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता को मंच पर जीवंत किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. नेहा कुमारी, आईएएस एवं उप विकास आयुक्त, कटिहार ने किया। इस दौरान उन्होंने अपने नवोदय विद्यालय के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित दिनचर्या, निरंतर मेहनत और गुरुजनों के मार्गदर्शन का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य प्राप्त करने के लिए समय-सारिणी का पालन और लगातार प्रयास बेहद जरूरी है। उन्होंने नवोदय विद्यालय को विद्यार्थियों में प्रतिभा, आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच बताया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरे राम कुमार ने कहा कि कला उत्सव का उद्देश्य भारत की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और उसका संरक्षण एवं संवर्धन करना है। उन्होंने बताया कि उत्सव के माध्यम से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन कर नवोदय विद्यालय समिति, पटना संभाग की सांस्कृतिक टीम तैयार की जाएगी। चयनित विद्यार्थी आगे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला एवं प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कला उत्सव में बिहार के अरवल, मुंगेर, जमुई, बेगूसराय, सीतामढ़ी, लखीसराय, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सुपौल, सहरसा, बांका, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी के जवाहर नवोदय विद्यालयों के साथ झारखंड के पलामू और लातेहार स्थित जवाहर नवोदय विद्यालयों के प्रतिभागी शामिल हुए। पहले दिन लोक नृत्य प्रतियोगिता में प्रत्येक विद्यालय से 12 विद्यार्थियों की टीम ने भाग लिया, जबकि दोपहर बाद क्षेत्रीय पारंपरिक एवं लोक नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं।
विद्यार्थियों की रंग-बिरंगी वेशभूषा, पारंपरिक संगीत और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर को सांस्कृतिक उत्सव में बदल दिया। प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए कला एवं संगीत क्षेत्र के विशेषज्ञों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया। इनमें अंतरा चक्रवर्ती, अमृता सेन और राहुल कुमार रजक शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य डॉ. हरे राम कुमार के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आयोजन की व्यवस्था में डॉ. बी.एन. कुमार, डॉ. मनोरंजन कुमार समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन डॉ. संजीव कुमार कर रहे हैं। वहीं बाहर से आए विद्यालयों के संरक्षक भी आयोजन की व्यवस्थाओं में विद्यालय प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं।
दो दिवसीय यह कला उत्सव 8 और 9 सितंबर 2026 को आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी कला और रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ उन्हें बड़े मंच के लिए तैयार करना है। चयनित प्रतिभाओं को आगे पटना संभाग की सांस्कृतिक टीम में स्थान मिलेगा, जो राष्ट्रीय स्तर पर नवोदय विद्यालय समिति के आयोजनों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी।




