भागलपुर: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भागलपुर जंक्शन चौक पर प्रदर्शन किया और उनका पुतला दहन किया। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, यह कार्यक्रम राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के निर्देश और नेता प्रतिपक्ष सह राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के परामर्श के बाद आयोजित किया गया। बिहार के अलग-अलग हिस्सों में RJD ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR को लेकर प्रदर्शन किए हैं।
पुतला दहन के बाद बाल श्रम आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ राजद नेता डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं नाथनगर से राजद के प्रत्याशी रहे शेख ज्याउल हसन उर्फ जेड हसन ने कहा कि पार्टी चुनाव आयोग की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठा रही है।
जेड हसन ने आरोप लगाया कि बिहार, बंगाल और महाराष्ट्र में चुनाव के दौरान धांधली हुई और एनडीए के दलों को अवैध रूप से लाभ पहुंचाया गया। उन्होंने इसे जनता के जनादेश के खिलाफ बताया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राजद्रोह का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। ये आरोप राजद नेताओं की ओर से लगाए गए हैं। दूसरी ओर, चुनाव आयोग ने SIR से जुड़े फैसलों में मतभेद के आरोपों पर कहा है कि आयोग के फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं और अलग-अलग राय संस्थागत प्रक्रिया का हिस्सा हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने की। इस दौरान डॉ. चक्रपाणि हिमांशु, चंदन सिन्हा, अरुण साह, नूर हसन फरीदी, बसरुल हक, भोपाली यादव, शहादत हुसैन, सरवर इमाम, विश्वजीत कुशवाहा, दिवाकर कुशवाहा, अयाज अंसारी, अशोक राम, गोपाल यादव, सौरभ यादव, प्रदीप यादव, मो. शहाबुद्दीन, विवेका यादव, पिंटू यादव, कौशल मंडल और परमेश्वर मंडल समेत बड़ी संख्या में राजद नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





