भागलपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर विकास एवं आवास विभाग के दिशा-निर्देश पर नगर पंचायत अकबरनगर में विशेष रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों की जनसेवा के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर पंचायत कार्यालय परिसर में आकर्षक और भव्य रंगोली बनाई गई। इसके जरिए जनसेवा, राष्ट्रभावना, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न संदेशों को कलात्मक रूप से प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बनाई गई विशाल रंगोली लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। रंगोली के मध्य में भारत का प्रतीकात्मक चित्र बनाया गया, जबकि तिरंगे के रंगों से सजा अशोक चक्र भी उकेरा गया। इसके चारों ओर अलग-अलग पंखुड़ियों में सामाजिक और जनकल्याणकारी संदेशों को रंगों के माध्यम से दर्शाया गया। रंगोली के जरिए एकता, स्वच्छता, सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि अंजित कुमार, अपशिष्ट प्रबंधक पदाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार, वार्ड पार्षद कन्हैया कुमार, पिंटू कुमार, पार्षद प्रतिनिधि संतोष कुमार, पिंकू कुमार, चुन्ना कुमार, इरशाद सहित वाटरऐड इंडिया की टीम, जीविका दीदियां, बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे।





