अमदाबाद प्रखंड के अंतर्गत बैदा पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय हाल बैदा पुरब टोला में चहारदीवारी नहीं रहने के कारण छात्र-छात्राएं असुरक्षित महसूस करते हैं। चहारदीवारी नहीं रहने से विद्यालय में असामाजिक तत्वों द्वारा विद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने की बात सामने आती रही है, जिससे प्रधान शिक्षिका को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विद्यालय प्रशासन की ओर से विभाग से चहारदीवारी के साथ मुख्य गेट बनाने और विद्यालय की सुरक्षा के लिए रात्रि प्रहरी की व्यवस्था करने की मांग की गई है। साथ ही जर्जर रसोईघर को नए सिरे से बनवाने की दिशा में भी सकारात्मक कदम उठाने की जरूरत बताई गई है।
विद्यालय में रसोईघर अत्यंत जर्जर होने के कारण प्रधान शिक्षिका एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को छात्र-छात्राओं के लिए भोजन बनवाने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। विद्यालय में रनिंग वाटर के साथ आरओ और समरसेबल की भी आवश्यकता बताई गई है। छात्र-छात्राओं के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था हो जाने से पेयजल की समस्या का समाधान हो सकेगा।
विद्यालय के छात्र-छात्राएं स्कूल ड्रेस में विद्यालय आते हैं और अनुशासन के साथ पठन-पाठन करते हैं। विद्यालय में अनुशासन का माहौल बनाए रखने के लिए प्रधान शिक्षिका कनक लता लगातार प्रयासरत रहती हैं। विद्यालय के बेहतर संचालन और छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर वह समय-समय पर शिक्षकों और अभिभावकों के साथ बैठक एवं गोष्ठी का आयोजन करती हैं।
कनक लता ने प्रधान शिक्षिका के रूप में 21 जुलाई 2025 को योगदान किया था। पदभार संभालने के बाद से वह विद्यालय को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। प्रधान शिक्षिका ने बताया कि विद्यालय के नामांकन पंजी में 223 छात्र-छात्राओं के नाम दर्ज हैं। विद्यालय के पास 6 डिसमिल जमीन है, जिस पर 7 कमरों का भवन बना हुआ है। विद्यालय में 2 शौचालय हैं तथा छात्र-छात्राओं के पेयजल के लिए 2 चापाकल लगाए गए हैं।
विद्यालय एवं कार्यालय संचालन के लिए फर्नीचर, टेबल, कुर्सी, बेंच-डेस्क, बुक सेफ, अलमारी, स्पीकर सेट, खेल सामग्री और टीएलएम की व्यवस्था है। बिजली कनेक्शन के बाद सभी कमरों में पंखे और लाइट की सुविधा भी उपलब्ध है। विद्यालय में पढ़ने वाले सभी छात्र-छात्राओं को एफएलएन किट, पाठ्य पुस्तक और कार्य पुस्तिका का वितरण किया गया है। प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और मीनू के अनुसार मध्यान भोजन परोसा जाता है।
प्रधान शिक्षिका कनक लता ने बताया कि शिक्षिका सोनी कुमारी, अब्दुस शकूर, अजीत कुमार मंडल, हसीना खातून और आशीष कुमार समय पर विद्यालय आते हैं। सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं विद्यालय की समय-सारणी के अनुसार वर्गवार पठन-पाठन में अपनी भूमिका निभाते हैं और विद्यालय के विकास में प्रधान शिक्षिका को सहयोग करते हैं।
प्रधान शिक्षिका कनक लता ने कहा कि विद्यालय में समरसेबल के साथ चापाकल और रनिंग वाटर की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके अलावा छात्र-छात्राओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आरओ की व्यवस्था भी जरूरी है। चहारदीवारी और मुख्य गेट बनने से विद्यालय की सुरक्षा बेहतर होगी और छात्र-छात्राएं भी खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करेंगे।





