कटिहार। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कटिहार की ओर से गुंजन वृद्धाश्रम, अनाथालय रोड स्थित परिसर में लीगल अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम अवर न्यायाधीश सह सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार कटिहार कमलेश कुमार सिंह देवऊ के आदेशानुसार आयोजित हुआ। कार्यक्रम का आयोजन ‘इंश्योरिंग एक्सेस टू जस्टिस फॉर पीपल लिविंग इन शेल्टर होम्स’, स्थायी लोक अदालत और स्पेशल मेडिएशन ड्राइव 0.3 के तहत किया गया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से प्रतिनियुक्त मुख्य न्यायिक रक्षक विजय कुमार श्रीवास्तव ने वृद्धजनों को उनके लिए उपलब्ध सरकारी सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने वृद्धजनों के संरक्षण, विकास और उनके अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान गुंजन वृद्धाश्रम के कर्मी राम ठाकुर और संजय मिश्रा भी मौजूद रहे।
पारा विधिक स्वयंसेवक प्रदुमन कुमार और पवन कुमार ने वृद्धजनों के अधिकार एवं हितों की रक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बिहार पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत मिलने वाले लाभों के बारे में बताया। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कटिहार की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली मुफ्त कानूनी सलाह और विधिक सहायता की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में वृद्धजनों को बताया गया कि जरूरत पड़ने पर उन्हें मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है और पात्र लोगों के लिए मुफ्त वकील की सुविधा भी प्रदान की जाती है। पारा विधिक स्वयंसेवकों ने वृद्धजनों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क करने की अपील की।




