पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने साप्ताहिक ‘लाइन डे’ के अवसर पर पुलिस केंद्र कटिहार का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी ने जवानों और पुलिस पदाधिकारियों से सीधा संवाद कर उनकी विभागीय और व्यक्तिगत समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
एसपी ने पुलिस केंद्र परिसर का जायजा लेते हुए बैरक, मेस, स्वच्छता व्यवस्था, शस्त्रागार और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस लाइन में अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया। ‘लाइन डे’ के दौरान आयोजित दरबार में जवानों ने सेवा, आवास, स्वास्थ्य, अवकाश और अन्य प्रशासनिक समस्याओं से जुड़े मामले रखे, जिन पर एसपी ने संबंधित शाखा प्रभारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त वातावरण में पूरी लगन, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के साथ फील्ड में 24 घंटे तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों का कल्याण और उनकी समस्याओं का समाधान जिला पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।




