बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व सह कला एवं संस्कृति मंत्री तथा कटिहार जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने मनिहारी प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सघन स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ के पानी से घिरे पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे राहत कार्यों की जमीनी हकीकत जानी।
मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने मनिहारी में संचालित सामुदायिक रसोई, मेडिकल कैंप, पशु राहत शिविर और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति का निरीक्षण किया। उन्होंने सामुदायिक रसोई में भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने और स्वास्थ्य केंद्रों पर जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, पशु राहत शिविरों में मवेशियों के इलाज और सूखा चारा (भूसा) वितरण को सुचारू रखने को कहा।
कटिहार जिले के प्रभारी मंत्री ने जिला प्रशासन को सभी प्रभावित परिवारों तक जल्द से जल्द राहत सामग्री पहुंचाने और अनुग्रह राशि वितरण में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी मजबूती के साथ बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी परिवार को भोजन, दवा या बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होने दिया जाएगा।




