कटिहार: पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार रेलमंडल में राम दयाल कुमार ने नए सहायक वाणिज्य प्रबंधक (ACM) के रूप में योगदान दिया है। उन्होंने 27 अगस्त 2026 को कटिहार में मंडल के 11वें वाणिज्य अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभाली।
पदोन्नति के बाद राम दयाल कुमार को कटिहार रेलमंडल में सहायक वाणिज्य प्रबंधक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे गुवाहाटी में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने वाणिज्य विभाग से जुड़े विभिन्न दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया।
रेल अधिकारी राम दयाल कुमार अपने सहज व्यवहार, सहयोगी कार्यशैली और अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय के लिए जाने जाते हैं। गुवाहाटी में कार्यरत रहने के दौरान अपने कार्य और व्यवहार के कारण उन्होंने विभागीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित किया।
कटिहार रेलमंडल में उनके अनुभव का लाभ वाणिज्य विभाग को मिलने की उम्मीद है। यात्री सुविधाओं में सुधार, टिकट जांच, राजस्व वृद्धि और अन्य वाणिज्यिक गतिविधियों को बेहतर बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
उनके योगदान के बाद रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और कार्यकुशलता से कटिहार रेलमंडल के वाणिज्य विभाग को और मजबूती मिलेगी।





