कटिहार: स्वच्छता पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को कटिहार रेल मंडल में स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। डीआरएम किरेंद्र नरह के नेतृत्व में आयोजित साइकिल रैली में एडीआरएम मनोज कुमार सिंह, सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह सहित रेल मंडल के अधिकारी और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
साइक्लोथॉन का शुभारंभ कटिहार रेलवे स्टेशन परिसर से हुआ। निर्धारित मार्ग के तहत डीआरएम किरेंद्र नरह समेत सभी प्रतिभागी स्टेशन परिसर से आईपीजी मॉल फ्लाईओवर तक साइकिल से पहुंचे और वहां से वापस स्टेशन परिसर लौटे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता के साथ नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में अधिकारी और कर्मचारी वर्ग के प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग पुरस्कार दिए गए। रेल अधिकारी वर्ग में सीनियर डीएसटीई गौरव राजपाल ने प्रथम, सीनियर डीएनसी प्रभात रंजन सिंह ने द्वितीय और सीनियर डीईई, टीआरडी बिनोद कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं रेल कर्मचारी वर्ग में ओमप्रकाश कुमार प्रथम, कमलेश कुमार द्वितीय और अप्पू झा तृतीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन अमित सागर ने किया। सभी विजेताओं को डीआरएम किरेंद्र नरह ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस मौके पर डीआरएम किरेंद्र नरह ने कहा कि साइक्लोथॉन के माध्यम से रेल मंडल की ओर से स्वच्छता के साथ नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में डीआरएम किरेंद्र नरह, एडीआरएम मनोज कुमार सिंह, सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह, आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस, सीनियर डीएन-2 अशोक कुमार, डीएमई प्रियम अग्रवाल, खेल अधिकारी पंकज पाल, डॉ. दयानंद सिंह, एसीएम निशांत कुमार और राम दयाल कुमार समेत रेल मंडल के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डीआरएससी के राकेश कुमार, वेद प्रकाश, अमित सागर, बुबली, पीपू, सतीश, सूरज, संजीव, अजीत, आशीष, संतोष और नीतीश समेत सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
गौरतलब है कि स्वच्छता पखवाड़ा के तहत रेल प्रशासन की ओर से रेल मंडल में प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के जरिए स्वच्छता के साथ स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।





